[smartslider3 slider="2"]

शूटिंग रेंज एक सुविधा नहीं बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन,आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा का संकल्प है: एमडी जयपुरिया स्कूल

Connect With Social Media

पीडीडीयू नगर। (अशोक कुमार जायसवाल)-  नगर स्थित सेठ एम.आर. जैपुरिया स्कूल्स, बनारस की पड़ाव शाखा में सोमवार को नवनिर्मित एनसीसी शूटिंग रेंज का भव्य उद्घाटन हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सेना मेडल से सम्मानित कर्नल अमर सिंह ने विधिवत फायरिंग कर शूटिंग रेंज का शुभारंभ किया। इसके उपरांत एनसीसी कैडेट्स को विशेष एनसीसी कैप वितरित की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के क्कायर ग्रुप द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत से हुई, जिसने पूरे परिसर को राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत कर दिया। उद्घाटन के बाद एनसीसी कैडेट्स ने प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में स्टैंडिंग, नीलिंग और लाइंग पोजीशन में फायरिंग का अभ्यास किया। साथ ही अवरोध क्षेत्र (ऑब्स्टेकल एरिया) का निरीक्षण एवं प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें कैडेट्स ने अपनी शारीरिक क्षमता, साहस और कौशल का प्रभावशाली परिचय दिया।

विद्यालय के प्रबंध निदेशक मनोज कुमार बजाज ने कहा कि यह शूटिंग रेंज केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा के संकल्प को सुदृढ़ करने का माध्यम है। उनका लक्ष्य है कि प्रत्येक कैडेट देश की रक्षा और सेवा के लिए सदैव तत्पर रहे।

मुख्य अतिथि कर्नल अमर सिंह ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा, “एनसीसी केवल वर्दी पहनने का नाम नहीं है, यह चरित्र निर्माण की पाठशाला है। जब आप ट्रिगर दबाते हैं, तो उससे पहले आपका मन स्थिर और विचार स्पष्ट होने चाहिए, क्योंकि एक सैनिक के जीवन में अनुशासन और आत्मविश्वास सबसे बड़ी पूंजी होते हैं।”

इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज, कार्यकारी निदेशक श्याम सुंदर बजाज, निदेशक गोसंग बजाज, निर्देशिका पूजा बजाज, बोर्ड मेंबर आशीष सक्सेना, प्राचार्य बिनोद कुमार दास, प्रशासनिक प्रमुख अमित श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन तरनदीप सिंह बग्गा ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Leave a Comment

error: Content is protected !!