
चकिया(चन्दौली) । सिखों के दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह के 359वें प्रकाशोत्सव के अवसर पर रविवार को नगर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का वातावरण रहा। वार्ड नंबर 6 सिविल लाइन पूर्वी स्थित गुरु सिंह सभा चकिया के तत्वावधान में तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत गुरु ग्रंथ साहिब का अखंड पाठ, भजन-कीर्तन, अरदास एवं विशाल लंगर का आयोजन किया गया।
रविवार को तीसरे पहर गुरुद्वारे से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा के अग्रभाग में निहंग वेशधारी पंच प्यारे हाथों में तलवार लिए चल रहे थे। उनके पीछे सिख गुरुओं, गुरु नानक देव, गुरु अंगद देव, गुरु अर्जन देव और गुरु गोविंद सिंह के विशाल चित्रों की आकर्षक झांकियां सजाई गई थीं। सबसे पीछे सुसज्जित रथ पर पवित्र गुरु ग्रंथ साहिब की शोभा यात्रा निकाली गई, जहां श्रद्धालु पूरे मार्ग में शीश नवाते रहे।
इस दौरान गतका पार्टी के कलाकारों ने पारंपरिक सिख युद्धकला ‘गतका’ के अद्भुत करतब प्रस्तुत किए, जिसे देखने के लिए नगर में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
नगर पंचायत चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने गुरुद्वारे पहुंचकर गुरु ग्रंथ साहिब पर चादर चढ़ाई और मत्था टेककर आशीर्वाद लिया। शोभायात्रा गुरुद्वारे से प्रारंभ होकर सहदुल्लापुर, गांधी पार्क तिराहा, जिला संयुक्त चिकित्सालय, पूर्वी बाजार होते हुए पुनः गुरुद्वारे पर देर शाम संपन्न हुई।
कार्यक्रम के दौरान गुरुद्वारा प्रबंध समिति के अध्यक्ष सरदार करन सिंह सबरवाल सहित सरदार दुआ सिंह, सरदार कुलवंत सिंह, सरदार जोगिंदर सिंह, सरदार महेंद्र सिंह, सरदार रंजीत सिंह, सरदार गौतम सिंह, सरदार रमेश सिंह, सरदार बचाऊ सिंह, सरदार गौरव सिंह समेत बड़ी संख्या में समुदाय के लोग उपस्थित रहे। पूरा नगर प्रकाशोत्सव के अवसर पर श्रद्धा और उत्साह से सराबोर नजर आया।