
चंदौली। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जनपद में 21 फरवरी 2026 को एक दिवसीय वृहद रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। यह मेला राजकीय आईटीआई परिसर, रेवसां (चंदौली) में लगाया जाएगा।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर से रोजगार मेले के प्रचार-प्रसार के लिए प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और अधिक से अधिक युवाओं से इसमें भाग लेने की अपील की।
40 से अधिक कंपनियां लेंगी हिस्सा

जिला सेवायोजन कार्यालय, चंदौली द्वारा उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत आयोजित इस रोजगार मेले में 40 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी। इनमें डी सेट्स, फैम इंडिया प्रा.लि., एडिको, ओवर ड्राइव इलेक्ट्रॉनिक्स, वेलांगी कनेक्टिविटी प्रा.लि., इनकोफिक्स, जुपिटर लेमिनेटर्स, लावा इंटरनेशनल, अशोक लीलैंड, सुब्रोस लिमिटेड और पेरीग्रीन सिक्योरिटी गार्ड सहित कई संस्थान शामिल रहेंगे। ये कंपनियां अभ्यर्थियों की योग्यता के अनुसार विभिन्न पदों पर नियुक्ति करेंगी।
ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों तरीके से भागीदारी
अभ्यर्थी इस मेले में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से भाग ले सकते हैं। इसके लिए सेवायोजन विभाग के रोजगार संगम पोर्टल
rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण अनिवार्य है। पंजीकरण के बाद पोर्टल पर मेले से संबंधित जानकारी उपलब्ध होगी, जिसके आधार पर अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे।
इन अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका

हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, बीटेक, डिप्लोमा, आईटीआई और कौशल विकास मिशन के विभिन्न ट्रेडों से उत्तीर्ण अभ्यर्थी इस रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं।
जरूरी दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
अभ्यर्थियों को 21 फरवरी को सुबह 10:00 बजे आयोजन स्थल पर अपने सभी शैक्षिक मूल अंकपत्र, प्रमाणपत्र, बायोडाटा और चार पासपोर्ट साइज फोटो के साथ पहुंचना होगा।
मेले में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
जिलाधिकारी ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में पहुंचकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।