[smartslider3 slider="2"]

कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस आयोजित, डीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

Connect With Social Media

चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का समयबद्ध और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान किसानों ने चंद्रप्रभा डैम से पानी गिराए जाने, बेलन नदी पर बंजारिया, मझगाई और जनकपुर स्थित कुलावों की मरम्मत, धान खरीद में अनियमितता तथा धान-गेहूं खरीद के समय कंट्रोल रूम स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।
चंद्रप्रभा डैम से पानी कम किए जाने के संबंध में अधिशासी अभियंता ने बताया कि डैम की मरम्मत कार्य के लिए जलस्तर कम करना आवश्यक है, लेकिन केवल जरूरत के अनुसार ही पानी छोड़ा जाएगा। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि आगामी फसल के लिए सिंचाई जल की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।


किसानों ने जनपद की सभी नहरों की सफाई, अतिक्रमण हटाने और नहरों में गंदा पानी व मलबा गिरने पर तत्काल रोक लगाने की मांग भी रखी। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और कहा कि नहरों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
धान खरीद में अनियमितता की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने डिप्टी आरएमओ को तत्काल गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जब भी किसी क्षेत्र में सर्वे के लिए जाएं तो स्थानीय किसानों को पूर्व सूचना देकर बुलाएं, उनसे संवाद करें और समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करें।


बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, कृषि अधिकारी, डिप्टी आरएमओ, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Comment

error: Content is protected !!