
चंदौली। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना तथा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत पं. कमलापति त्रिपाठी जिला चिकित्सालय के एसएनसीयू वार्ड में जन्मीं 18 नवजात बालिकाओं को “बेटी किट” एवं सम्मान पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर अभिभावकों को बालिकाओं से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई और हेल्पलाइन नंबरों से भी अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि जन्मी बच्चियों को कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत निर्धारित श्रेणी में आवश्यक अभिलेखों के साथ आवेदन कर योजना का लाभ दिलाया जा सकता है। साथ ही बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत सभी अभिभावकों को बाल विवाह न करने की शपथ भी दिलाई गई।
इस दौरान महिला कल्याण विभाग की जिला मिशन को-ऑर्डिनेटर श्रीमती रागिनी सिंह, जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती पुष्पा कुशवाहा,

चिकित्सा अधीक्षक तथा अस्पताल के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि बेटियों के जन्म पर सम्मान और योजनाओं की जानकारी देने से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और बालिकाओं के भविष्य को सुरक्षित व सशक्त बनाने में मदद मिलती है।