
मुगलसराय। केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को बजट चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा के सभी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह बजट सामान्य बजट नहीं बल्कि एक ऐतिहासिक बजट है, जो किसानों, उद्यमियों, गरीबों और आमजन के लिए सहायक सिद्ध होगा।

विधायक ने बताया कि केंद्रीय बजट 2026-27 का मुख्य उद्देश्य “विकसित भारत” की दिशा में आगे बढ़ते हुए लगभग 7 प्रतिशत की उच्च आर्थिक विकास दर को बनाए रखना है। बजट में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 12.2 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, वहीं रक्षा क्षेत्र के लिए 7.5 लाख करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। इसके साथ ही 1 अप्रैल 2026 से नया आयकर अधिनियम 2025 लागू करने जैसे महत्वपूर्ण सुधार भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि नई कर व्यवस्था के तहत मानक कटौती सहित लगभग 12.75 लाख रुपये तक की आय पर कोई आयकर नहीं लगेगा, जिससे मध्यम वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही लघु व्यवसायों के लिए 10,000 करोड़ रुपये का एसएमई ग्रोथ फंड लाया गया है, जिससे छोटे उद्योगों और किसानों को महत्वपूर्ण लाभ मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह, विधानसभा के चारों मंडल अध्यक्ष—कुंदन सिंह, धीरज सिंह, गंगाराम साहनी और संदीप पटेल, महिला मंडल अध्यक्ष मालती गुप्ता, ओम प्रकाश सिंह, हरिश्चंद्र अग्रहरि सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला पंचायत सदस्य दिलीप सोनकर ने किया। बजट चौपाल में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने बजट से जुड़ी योजनाओं और लाभों पर विस्तार से चर्चा की तथा इसे जनहित में महत्वपूर्ण बताया।