
चंदौली। जनपद के सकलडीहा–कमालपुर मार्ग पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। डेढ़ावल गांव के समीप तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर कोठरी नुमा दीवार से जा टकराई। हादसे में एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार करीब एक बजे कमालपुर से सकलडीहा की ओर जा रहे दो किशोरों की बाइक डेढ़ावल गांव के पास अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे दीवार में घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चला रहे किशोर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सकलडीहा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान धीना थाना क्षेत्र के बेटाडीह गांव निवासी सुनील गुप्ता के पुत्र अमन गुप्ता (17) के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक की पहचान धीरज कुमार के रूप में हुई है। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।