
चंदौली। सकलडीहा कस्बा क्षेत्र के टिमिलपुर गांव में बुधवार सुबह एक विशालकाय अजगर को आखिरकार वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से पकड़ लिया। अजगर शीशम के पेड़ पर बैठा मिला, जिसे पकड़ने के दौरान काफी देर तक अफरा-तफरी और भीड़ का माहौल बना रहा। घटना के दौरान एक युवक का मोबाइल भी तालाब में गिर गया। वहीं वन विभाग के एक कर्मचारी का “हम यहां जान गंवाने नहीं आए हैं” कहते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
बताया जाता है कि बीते 28 जनवरी को भी टिमिलपुर स्थित सत्ती माता मंदिर के पास इसी शीशम के पेड़ पर अजगर दिखाई दिया था। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन पर्याप्त तैयारी के अभाव में डंडे से उसे नीचे गिरा दिया, जिससे वह तालाब में गिरकर लापता हो गया और टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा।
बुधवार सुबह एक बार फिर वही अजगर उसी पेड़ पर दिखा। सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर जुट गए। वन विभाग की टीम भी पहुंची और आसपास के युवाओं से सहयोग मांगा। किसी ने मच्छरदानी दी तो किसी ने डंडा और तिरपाल उपलब्ध कराया। ग्रामीणों ने पेड़ के नीचे बोरा व तिरपाल लगाकर अजगर को नीचे गिराने की कोशिश की।
डंडे से हल्का झटका देने पर अजगर फिर तालाब में गिर गया और पानी में भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों के शोर से वह बाहर निकल आया। इसी दौरान वन विभाग की टीम ने उसे सुरक्षित पकड़ लिया। पूरी कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे और अजगर को देखने के लिए भीड़ लगी रही।
घटना के दौरान ग्रामीणों ने वन विभाग पर तैयारी के अभाव और लापरवाही का आरोप भी लगाया। उनका कहना था कि टीम के पास जरूरी उपकरण नहीं थे, जिससे अजगर को पकड़ने में काफी परेशानी हुई। फिलहाल वन विभाग ने अजगर को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की तैयारी शुरू कर दी