
चन्दौली- नियामताबाद ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत गुवास में कैंसर जागरूकता माह के तहत महिलाओं व किशोरियों के लिए विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कंपोजिट विद्यालय के प्रांगण में आयोजित हुआ, जिसमें करीब 150 महिलाएं और किशोरियां शामिल हुईं। कार्यक्रम का उद्देश्य समय पर जांच, सही जानकारी और बेहतर इलाज के माध्यम से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करना था।
इस कार्यक्रम का समन्वय कोऑर्डिनेटर परस पटेल द्वारा किया गया। आयोजन में कंपोजिट विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री शिव प्रकाश सिंह, ग्राम प्रधान श्री जगदीश मिश्रा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सोनी, आशा गीता देवी, आशा उषा देवी, अनिता देवी, हंस फाउंडेशन के प्रतिनिधि, कंपोजिट विद्यालय के शिक्षकगण तथा ग्राम प्रधान के विभिन्न स्टेकहोल्डर उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों और वक्ताओं ने कैंसर की समय पर पहचान, जांच और उपचार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। महिलाओं को स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर सहित अन्य बीमारियों के लक्षण, बचाव के उपाय और नियमित जांच की आवश्यकता के बारे में सरल और सहज भाषा में समझाया गया। लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी लक्षण को नजरअंदाज न करें, डरें नहीं और समय रहते जांच कराएं, ताकि बीमारी को शुरुआती अवस्था में ही रोका जा सके।

इस अवसर पर फेसीलिटेटर श्री विवेक शर्मा (ट्रस्टी – मिक्की अमोघ फाउंडेशन एवं फाउंडर – उहापो) ने कहा कि “समय पर पहचान बेहतर इलाज बेहतर जीवन” और समाज में जागरूकता बढ़ाकर ही कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से प्रभावी ढंग से लड़ा जा सकता है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे खुद भी जागरूक रहें और अपने परिवार व गांव के अन्य लोगों को भी जांच के लिए प्रेरित करें।
आयोजकों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों तक सही व उपयोगी जानकारी पहुंचाना है, ताकि समय पर इलाज संभव हो सके और लोगों का जीवन सुरक्षित व स्वस्थ बनाया जा सके।