चंदौली- जनपद के कासिमपुर पांडेयपुर स्थित जे.एस. पब्लिक स्कूल के प्रांगण में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ जिसे विद्यालय के चेयरमैन डॉ. विधुभूषण सिंह एवं विद्यालय के प्रबंधक व प्रधानाचार्य माननीय रजनीश सिंह के कर-कमलों द्वारा संपन्न कराया गया।
ध्वजारोहण के उपरांत छात्र कैप्टन नवीन यादव द्वारा अतिथियों को गार्ड ऑफ ऑनर के लिए आमंत्रित किया गया। गार्ड ऑफ ऑनर के पश्चात छात्र-छात्राओं ने परेड एवं पीटी का शानदार प्रदर्शन किया, जिसकी सलामी अतिथियों द्वारा ली गई।

● इसके बाद विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पीटी एवं योग के माध्यम से मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसे संगीत के साथ बड़े ही सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए विद्यालय के चेयरमैन डॉ. विधुभूषण सिंह ने अपना सारगर्भित उद्बोधन दिया और बच्चों को आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने गणतंत्र दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करने वाला अनुपम अवसर है। उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन करते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण किया तथा देश की रक्षा में लगे वीर सैनिकों को नमन किया।

●डॉ. सिंह ने भारत के वैज्ञानिकों की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षा, विज्ञान, अंतरिक्ष, डिजिटल इंडिया जैसे क्षेत्रों में भारत ने अद्भुत प्रगति की है। उन्होंने भारत को अनेकता में एकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि विभिन्न संस्कृतियों, धर्मों, भाषाओं और जातियों के बावजूद हमारा संविधान हमें एकता के सूत्र में बांधता है। अपने उद्बोधन में उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि बीते 25 वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं, जो संविधान और सरकार के सतत प्रयासों का परिणाम है।
अपने भाषण के अंत में उन्होंने सभी से आपसी भाईचारा, प्रेम और सद्भावना को बढ़ावा देने की शपथ लेने का आह्वान किया, ताकि भारत पुनः अपने गौरव को प्राप्त कर सके।


●इसके पश्चात बच्चों ने “केसरिया भारत” एवं “वंदे मातरम्” गीत पर भावपूर्ण प्रस्तुति दी। कक्षा 9 की छात्रा दिव्या पटेल एवं आकांक्षा गुप्ता ने क्रमशः हिंदी एवं अंग्रेज़ी भाषण प्रस्तुत कर सभी को प्रभावित किया। मिक्स डांस एवं “हम हैं हिंदुस्तानी” कार्यक्रम ने दर्शकों का मन मोह लिया।

●पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, जोश, साहस और संघर्ष की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। यह आयोजन स्वतंत्रता सेनानियों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को स्मरण कराने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण के प्रति संकल्पित होने की प्रेरणा देता रहा।

●अंत में जी.एस. परिवार की ओर से गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर सभी राष्ट्रभक्तों एवं स्नेहिल जनों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी गई तथा सभी से देश को पुनः परम वैभव तक पहुंचाकर विश्वगुरु बनाने में योगदान देने का आग्रह किया गया।
