[smartslider3 slider="2"]

चौरहट के नई बस्ती में जलनिकासी और पक्की सड़क की समस्या

Connect With Social Media

चंदौली – नियमताबाद ब्लॉक के ग्राम सभा चौरहट की नई बस्ती में जलनिकासी और पक्की सड़क की समस्या ने ग्रामीणों का जीवन प्रभावित कर दिया है। बस्ती की गलियों और मोहल्लों में पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने से नालियों का गंदा पानी सड़कों पर फैल जाता है। हालात इतने खराब हैं कि स्थानीय लोग अपने घरों के सामने गड्ढे खोदकर नाबदान का पानी बहाने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, वे पिछले लगभग 10 वर्षों से इस समस्या का सामना कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी होती है। महिलाएं और बुजुर्ग फिसलन भरे रास्तों पर चलने को मजबूर हैं, जिसके कारण आए दिन चोटिल होने की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की है, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है। कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इस संबंध में चौरहट के ग्राम प्रधान वसीम खान से संपर्क करने पर उन्होंने फंड की कमी का हवाला देते हुए इस मामले से पल्ला झाड़ लिया।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द नई बस्ती में पक्की सड़क और जलनिकासी की व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि वे कब तक इस बदहाली भरी जिंदगी जीने को मजबूर रहेंगे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!