
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय), चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के मानसनगर कॉलोनी स्थित इंडेन गैस गोदाम में सेंधमारी कर सिलेंडर चोरी करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर 30 गैस सिलेंडर, एक टाटा मैजिक गाड़ी, 6,400 रुपये नकद, लोहे का पेचकस और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि अलीनगर पुलिस टीम गुरुवार को बीती रात गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मानसनगर स्थित इंडेन गैस गोदाम के पास खड़खड़ाहट की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि एक युवक गोदाम में सेंध काटकर सिलेंडर चोरी कर रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान रोहित खरवार के रूप में हुई।
पूछताछ में रोहित ने बताया कि उसके छोटे भाई मोहित खरवार और साथी रतन गौड़ भी चोरी में शामिल थे। चोरी के 11 सिलेंडर टाटा मैजिक गाड़ी पर लादकर पटनवा निवासी सुधीर सिंह के यहां बेचने के लिए ले जाए गए थे। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पटनवा में दबिश देकर सुधीर सिंह समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गोदाम से 19 और सुधीर सिंह के घर से 11 सिलेंडर बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में रोहित खरवार, मोहित खरवार, रतन गौड़ और सुधीर सिंह शामिल हैं। बरामद टाटा मैजिक का नंबर UP65MT3612 है।
इस मामले में अलीनगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 664/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) में अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।