
चंदौली। मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र के विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने नगर पालिका परिषद पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के वार्ड संख्या-7, पथरा भाग-2 स्थित पराहुपुर विकास नगर क्षेत्र में 250 केवीए क्षमता के नए विद्युत ट्रांसफार्मर का उद्घाटन किया।
क्षेत्र में लंबे समय से लो वोल्टेज की गंभीर समस्या बनी हुई थी, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से जायसवाल स्कूल के आसपास और पराहुपुर विकास नगर में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहती थी। स्थानीय नागरिकों द्वारा लगातार ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग की जा रही थी, लेकिन उपयुक्त स्थान उपलब्ध न होने के कारण कार्य में विलंब हो रहा था।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि क्षेत्रवासियों की समस्या को देखते हुए उन्होंने स्वयं प्रयास कर ट्रांसफार्मर स्थापना के लिए भूमि उपलब्ध कराई। उन्होंने कहा कि अब 250 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लग जाने से क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी और लोगों को बेहतर विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी।
विधायक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना है और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान कराना उनका संकल्प है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों का यह क्रम आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
इस अवसर पर बिजली विभाग के एसडीओ, अवर अभियंता, पूर्व सभासद डब्बू कन्नौजिया, वर्तमान सभासद अमित खरवार, संतोष मिश्रा, छोटू जायसवाल तथा विधायक प्रतिनिधि संजय कनौजिया सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
क्षेत्रवासियों ने नए ट्रांसफार्मर की स्थापना पर विधायक और बिजली विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए बड़ी राहत बताया।