[smartslider3 slider="2"]

डीआईजी वैभव कृष्ण ने किया मुगलसराय कोतवाली का निरीक्षण, कानून व्यवस्था और पुलिस सुविधाओं की परखी हकीकत

Connect With Social Media


पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। जनपद चंदौली के दौरे पर पहुंचे डीआईजी वैभव कृष्ण ने सोमवार को मुगलसराय कोतवाली सहित जिले के कई थानों और पुलिस चौकियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी कार्यप्रणाली, बैरक, मेस तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही आमजन, व्यापारियों, अधिवक्ताओं और ग्राम चौकीदारों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अपराध और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।


मीडिया से बातचीत में डीआईजी वैभव कृष्ण ने बताया कि जिले के विभिन्न थानों और चौकियों का निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जनता से संवाद स्थापित कर उनकी अपेक्षाओं और समस्याओं को समझना पुलिस की प्राथमिकता है, जिससे पुलिस सेवाओं को और प्रभावी बनाया जा सके।
भीषण गर्मी को देखते हुए पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य संबंधी प्रश्न पर डीआईजी ने कहा कि सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि बाहरी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के लिए पर्याप्त सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। ड्यूटी का रोटेशन किया जाए ताकि किसी कर्मचारी पर अत्यधिक दबाव न पड़े और मेस में गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए।
आगामी त्योहारों को लेकर उन्होंने कहा कि सभी थानों पर शांति समिति की बैठकें आयोजित की जाएंगी। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जाएगी तथा सुरक्षा और शांति व्यवस्था को मजबूत बनाकर सभी त्योहारों को सकुशल संपन्न कराया जाएगा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण कुमार सिंह तथा मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!