[smartslider3 slider="2"]

एनडीआरएफ का विशेष आपदा प्रशिक्षण अभियान,बाढ़ व आग से बचाव का दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण

Connect With Social Media

चन्दौली। (सचिन पटेल )-राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) 11वीं वाहिनी वाराणसी की टीम ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, चन्दौली के सहयोग से जिले में व्यापक आपदा जागरूकता एवं प्रशिक्षण अभियान चलाया। इस दौरान आपदा मित्रों, नागरिक सुरक्षा विभाग, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग तथा आम जनमानस को बाढ़/डूबने और आग से बचाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी व व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।


यह विशेष अभियान डीआईजी/जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मनोज कुमार शर्मा के नेतृत्व में आयोजित हुआ। प्रशिक्षण का संचालन टीम कमांडर इंस्पेक्टर राजेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में 30 सदस्यीय एनडीआरएफ टीम द्वारा किया गया। इसमें संतोष कुमार (द्वितीय कमांडर), प्रेम कुमार पासवान (डीसी), डॉ. विवेक सिंह (डीसी) एवं इंस्पेक्टर शिवपूजन सिंह (टीम कमांडर) प्रमुख रूप से शामिल रहे।


प्रथम चरण में गंगा नदी के किनारे स्थित बलुआ घाट पर बाढ़ एवं डूबान से बचाव की मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान डूबते हुए व्यक्ति को प्रशिक्षित तरीकों से बचाने, एनडीआरएफ के कुशल गोताखोरों द्वारा डूबे व्यक्ति की खोज कर उसे बाहर निकालने का प्रदर्शन किया गया। साथ ही प्राथमिक उपचार के तरीके बताए गए तथा घरेलू वस्तुओं के माध्यम से बाढ़ के समय बचाव के उपाय सिखाए गए।


द्वितीय चरण में एनडीआरएफ कैंप साहूपुरी, मुगलसराय में भवन में आग लगने की स्थिति पर आधारित मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसमें आग में फंसे व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने के साथ-साथ भूकंप एवं अन्य आपदाओं से बचाव की जानकारी दी गई। बलुआ घाट पर आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान डिप्टी सीएमओ चन्दौली, सीओ बलुआ घाट, नायब तहसीलदार सकलडीहा, आपदा सलाहकार, कानूनगो, स्थानीय नागरिक, नाविक एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। वहीं साहूपुरी मॉक ड्रिल में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी सुश्री शबा, एसएचओ मुगलसराय संतोष सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुन्नी सिंह सहित फायर विभाग की टीम, आपदा विशेषज्ञ, आपदा मित्र एवं अन्य वॉलेंटियरों ने प्रतिभाग किया। इस प्रशिक्षण अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को आपदा के समय सतर्कता, आत्म-सुरक्षा और त्वरित राहत कार्यों के प्रति जागरूक करना रहा।

Leave a Comment

error: Content is protected !!