
अलीनगर-चंदौली। (मोहम्मद अफजल) आगामी होली पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अलीनगर थाना परिसर में उच्च स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय ने की।
बैठक में क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं व गणमान्य नागरिकों से संवाद करते हुए अपील की कि होली का पर्व आपसी सौहार्द, भाईचारा और शांति के साथ मनाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश प्रसारित करने से बचें।

क्षेत्राधिकारी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि होली में हुड़दंग, उपद्रव या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि होली के मद्देनजर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। बैठक में मौजूद गणमान्य लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।