
वाराणसी। वाराणसी प्रधान डाकघर में वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही (अप्रैल से जून 2026) के व्यवसाय की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रवर डाक अधीक्षक जय प्रकाश ने की। इस दौरान वाराणसी पूर्व मंडल के अंतर्गत आने वाले वाराणसी एवं चंदौली जनपद के सभी डाकघरों के कार्यों और उपलब्धियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में बचत बैंक, डाक जीवन बीमा (PLI/RPLI), मेल, पार्सल, अंतरराष्ट्रीय मेल तथा आधार सेवाओं के व्यवसाय का मूल्यांकन किया गया। अधिकारियों ने विभिन्न सेवाओं के प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए आगामी तिमाही में जनसंपर्क अभियान चलाकर व्यवसाय को और अधिक बढ़ाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर जुलाई 2026 को डाक जीवन बीमा निदेशालय द्वारा आयोजित PLI/RPLI स्पेशल ड्राइव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले डाकघरों एवं कर्मचारियों को वाराणसी पूर्व मंडल की ओर से सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों से इसी प्रकार बेहतर कार्य करते हुए विभागीय सेवाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए सभी डाकघरों में ग्राहकों की सुविधा के लिए राखी विशेष लिफाफों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि बहनें समय पर अपने भाइयों को राखी भेज सकें।
बैठक में उपाधीक्षक जवाहरलाल शर्मा, सहायक अधीक्षक (नगर उपमंडल) विनीत कुमार सिंह तथा सहायक अधीक्षक (पीडीडीयू उपमंडल) व्यास मुनी पाठक सहित वाराणसी पूर्व मंडल के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।