
चन्दौली, 9 जून 2026। जनपद में अवैध खनन, उपखनिजों के अवैध परिवहन तथा ओवरलोडिंग पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने नौबतपुर स्थित खनिज विभाग द्वारा स्थापित चेकगेट का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बिहार से आने वाले मोरम लदे वाहनों की गहन जांच की तथा आईएसटीपी (ISTP) से संबंधित दस्तावेजों एवं परिवहन की वैधता की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि चेकगेट पर निरंतर निगरानी रखी जाए और अवैध परिवहन के विरुद्ध नियमित प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार तथा खनन अधिकारी को निर्देश दिया कि सीमावर्ती क्षेत्रों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और पड़ोसी जनपदों के साथ समन्वय स्थापित कर किसी भी प्रकार के उपखनिज के अवैध परिवहन को रोका जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वाहन की गहन जांच की जाए तथा ओवरलोडिंग, अवैध खनन और अन्य अनियमितताओं पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिला प्रशासन अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि बिना किसी दबाव के नियमों के अनुरूप कार्य करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराएं।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कहा कि अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस विभाग की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराया जाएगा ताकि कार्रवाई में किसी प्रकार की बाधा न आए।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि जिन वाहनों की नंबर प्लेट छिपाई गई हो अथवा बिना नंबर प्लेट के संचालित हो रहे हों, उनके विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही संदिग्ध वाहनों की नियमित जांच कर अवैध परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के इस संयुक्त निरीक्षण से खनन माफियाओं और अवैध परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति देखी गई। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और उपखनिजों के अवैध परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।