
चंदौली/अलीनगर (महेंद्र प्रजापति)। अलीनगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-3 मुगलचक स्थित एक बंद बाउंड्रीवाल के भीतर गुरुवार को अचानक भीषण आग लग जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग ने कुछ ही देर में बाउंड्री के अंदर उगी सूखी सरपत, घास और झाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में धुएं का घना गुबार फैल गया। रिहायशी इलाके के बीच आग लगने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाउंड्री के भीतर से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर जुट गए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। बाउंड्री के अंदर बड़ी मात्रा में सूखी सरपत और झाड़ियां मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी, जिससे दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा।
करीब तीन घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के दौरान फायर ब्रिगेड की टीम ने लगातार प्रयास करते हुए आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से आसपास के मकानों और अन्य संपत्तियों को किसी बड़े नुकसान से बचा लिया गया।
हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। आग बुझाने के दौरान स्थानीय लोगों ने भी दमकल कर्मियों का भरपूर सहयोग किया।
गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने अथवा जनहानि की कोई सूचना नहीं है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।