[smartslider3 slider="2"]

जीटी रोड पर दुकान गिरने से बड़ा हादसा: मलबे में दबे दो मजदूर, एक की मौतसड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान ढही दीवार, एक मजदूर गंभीर रूप से घायल, इलाज जारी

Connect With Social Media

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। जीटी रोड स्थित काली मंदिर के समीप शनिवार देर रात सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। तोड़ी जा रही एक दुकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसके मलबे में दबकर दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीटी रोड चौड़ीकरण परियोजना के तहत संबंधित विभाग द्वारा कई दुकानों और भवनों को आंशिक रूप से ध्वस्त किया गया था। इसके बाद भवन स्वामी अपने स्तर पर शेष हिस्सों को हटवाने का कार्य करा रहे थे। इसी दौरान काली मंदिर के पास स्थित एक दुकान की दीवार अचानक ढह गई और वहां काम कर रहे दो मजदूर उसकी चपेट में आ गए।


हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाकर दोनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सद्दाम (20 वर्ष), पुत्र इजराइल, निवासी बजरडीहा की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं मो. अली (30 वर्ष), पुत्र लियाकत अली, निवासी बजरडीहा का उपचार जारी है।
घटना की जानकारी देते हुए एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना ने बताया कि भवन स्वामी अपने मकान के ऊपरी हिस्से को हटवा रहे थे। इसी दौरान एक दीवार अचानक गिर गई, जिसके नीचे दो मजदूर दब गए। दोनों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, लेकिन एक मजदूर को बचाया नहीं जा सका।


वहीं मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने एक मजदूर की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि दूसरे घायल मजदूर का इलाज चल रहा है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से जांच की मांग की है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!