
चंदौली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लालबहादुर शास्त्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), भूगोल विभाग एवं शिक्षा शास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने संकल्प लिया कि वे पर्यावरण की रक्षा एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करेंगे। शपथ के माध्यम से प्रतिभागियों ने सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का उपयोग कम करने, अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, जल एवं ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
शपथ में कहा गया कि प्रत्येक व्यक्ति का छोटा-सा प्रयास भी धरती को हरा-भरा, स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए युवाओं से इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. संदीप जायसवाल ने किया। इस अवसर पर डॉ. मनोज वर्मा, धर्मेंद्र मिश्र, विनीत सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।