
चंदौली। महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बुधवार को पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला चिकित्सालय, चंदौली के एसएनसीयू वार्ड में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान नवजात बालिकाओं के जन्म पर खुशी व्यक्त करते हुए 15 नवजात बच्चियों को बेबी किट वितरित कर उनका स्वागत किया गया।
इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग की ओर से उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवजात बालिकाओं के अभिभावकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में अभिभावकों को बताया गया कि नवजात बालिकाओं के भविष्य को सुरक्षित एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित कन्या सुमंगला योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए निर्धारित पात्रता श्रेणियों के अंतर्गत आवश्यक अभिलेखों सहित आवेदन किया जा सकता है। अधिकारियों ने कहा कि सरकार बालिकाओं के जन्म, शिक्षा एवं विकास को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है और समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग की जिला मिशन को-ऑर्डिनेटर श्रीमती रागिनी सिंह, अनीता नर्स, वन स्टॉप सेंटर की रीना त्रिपाठी सहित जिला चिकित्सालय के अन्य कर्मचारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य का संदेश दिया गया।