
चंदौली : मुगलसराय के दुल्हीपुर क्षेत्र में एक क्रिकेट मैच के दौरान बॉलिंग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि लगभग 20 युवकों के समूह ने 25 वर्षीय बहादुर चौहान पर बैट और स्टंप से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बहादुर चौहान दुल्हीपुर/महावलपुर का निवासी है।
जानकारी के अनुसार, क्रिकेट मैच के दौरान खिलाड़ियों के बीच बॉलिंग को लेकर कहासुनी हुई थी, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बाबर कुरैशी, दरोगा कुरैशी, अकसर कुरैशी और पप्पन कुरैशी सहित अन्य लोगों ने बहादुर चौहान पर बैट और स्टंप से हमला किया। इस हमले में उसके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों ने कार्रवाई कराने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। घायल बहादुर चौहान को तुरंत राजकीय महिला चिकित्सालय, मुगलसराय ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला चिकित्सालय, चंदौली रेफर कर दिया गया।
डॉ. एस.के. चतुर्वेदी ने बताया कि मंगलवार रात करीब 11 बजे बहादुर चौहान घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचा था। उसके सिर और हाथ में गंभीर चोटें थीं। सिर पर गहरी चोट के कारण टांके लगाने के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि क्रिकेट खेलने के दौरान बच्चों में बॉलिंग को लेकर पहले कहासुनी हुई थी, जो बाद में धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई। घायल बहादुर चौहान की ओर से बुधवार सुबह लिखित तहरीर दी गई है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।