
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। “एक पेड़ माँ के नाम” एवं “प्लास्टिक छोड़ें, प्रकृति जोड़ें” जैसे संदेशों के साथ रेलवे कर्मी विभिन्न कॉलोनियों और आवासीय क्षेत्रों में जाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
इस अभियान के तहत लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की जा रही है। रेलवे की ओर से घर-घर जाकर पौधों का वितरण भी किया जा रहा है ताकि नागरिक स्वयं पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
अभियान के दौरान लोगों को प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी जा रही है तथा दैनिक जीवन में प्लास्टिक का प्रयोग कम करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही जल संरक्षण, स्वच्छता, वनों के संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के महत्व पर भी प्रकाश डाला जा रहा है।


रेलवे अधिकारियों ने बताया कि 15 मई से 5 जून 2026 तक चल रहे इस विशेष पर्यावरण जागरूकता अभियान का उद्देश्य लोगों को जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान, जल संकट, वायु प्रदूषण और वन क्षरण जैसी गंभीर चुनौतियों के प्रति सचेत करना है। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
इस अवसर पर लोगों ने भी पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और प्लास्टिक के उपयोग से बचने का भरोसा दिलाया। रेलवे प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे “हमारा पर्यावरण, हमारा भविष्य” के संकल्प को अपनाते हुए धरती को स्वच्छ, सुरक्षित और हरा-भरा बनाने में अपना योगदान दें।