
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर मुगलसराय। अलीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सरेसर में एक परिवार ने पड़ोसी पर हमला, चोरी, धमकी और सीसीटीवी कैमरे तोड़ने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद के चलते उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। मामले में अब तक पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।
पीड़ित तिलकधारी यादव के अनुसार उनकी पत्नी लंबे समय से बीमार हैं और वाराणसी के एक अस्पताल में इलाजरत हैं। ऐसे में वह घर पर अकेले रह रहे थे। उनका आरोप है कि 14 फरवरी 2026 की रात घर के बाहर संदिग्ध गतिविधियां महसूस हुईं। जांच करने पर मकान के बारजे पर लगे दो सीसीटीवी कैमरे गायब मिले। पीड़ित का दावा है कि उपलब्ध फुटेज में गांव के ही एक युवक की संदिग्ध गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं।
शिकायत के मुताबिक, 28 मार्च 2026 की रात करीब 11:30 बजे पुरानी रंजिश को लेकर गांव का एक व्यक्ति कथित तौर पर उनके घर में घुस आया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। तिलकधारी यादव ने किसी तरह खुद को कमरे में बंद कर अपनी जान बचाई।

पीड़ित का आरोप है कि जाते समय आरोपी ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे पर ईंट मारकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग जाग गए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना तत्काल 112 नंबर पर देने की बात भी कही गई है।
मामले में पीड़ित के दामाद अभिषेक यादव, निवासी रुस्तमपुर, चिरईगांव, वाराणसी, ने मीडिया के सामने आरोप लगाया कि परिवार पिछले करीब तीन वर्षों से लगातार उत्पीड़न झेल रहा है। उनका कहना है कि कई बार थाना और एसपी कार्यालय में शिकायत करने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में उल्टा उनके परिवार पर ही धारा 151 के तहत कार्रवाई कर दी गई।
अभिषेक यादव का दावा है कि पूरा विवाद जमीन से जुड़ा हुआ है और कुछ लोग परिवार को घर से हटाकर जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास सीसीटीवी फुटेज मौजूद है, जिसमें घटनाओं से जुड़े अहम दृश्य रिकॉर्ड हैं।
पीड़ित परिवार ने उत्तर प्रदेश पुलिस और थाना अलीनगर से निष्पक्ष जांच, सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।