[smartslider3 slider="2"]

चंदौली में अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर प्रशासन का बड़ा एक्शन.संयुक्त टास्क फोर्स ने 4 दिनों में 28 ट्रक किए बंद.बीती रात 13 ट्रकों पर कार्रवाई, 3 ओवरलोड तो कई पर खनन व सेल टैक्स चोरी का आरोप 

Connect With Social Media



चंदौली जिले के  नेशनल हाईवे मुगलसराय औद्योगिक नगर क्षेत्र में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और टैक्स चोरी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित संयुक्त टास्क फोर्स ने बीते चार दिनों में लगातार कार्रवाई करते हुए 28 ट्रकों को बंद कराया है। इस अभियान में खनन विभाग, परिवहन विभाग, सेल टैक्स विभाग, जिला एवं तहसील प्रशासन तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही।

प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार बीती रात विशेष अभियान चलाकर 13 ट्रकों पर कार्रवाई की गई। इनमें 3 ट्रक ओवरलोड पाए गए, जबकि अन्य वाहनों पर अवैध खनन सामग्री के परिवहन और सेल टैक्स चोरी के आरोप में कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि अब तक लगभग ढाई लाख रुपये प्रशमन शुल्क के रूप में वसूले जा चुके हैं।

इसके अलावा नेशनल हाईवे और रोड किनारे गलत तरीके से खड़े ट्रकों के खिलाफ भी सख्ती दिखाई गई। संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान 60 ट्रकों का चालान किया। प्रशासन का कहना है कि सड़क किनारे खड़े भारी वाहन लगातार हादसों का कारण बन रहे हैं, इसलिए गलत पार्किंग करने वालों पर आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

जिलाधिकारी और एसपी चंदौली ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देश के क्रम में गठित टास्क फोर्स को प्रत्येक दिन की कार्रवाई का विवरण प्रस्तुत करना होगा, जबकि पूरे अभियान की साप्ताहिक समीक्षा भी की जाएगी।


एआरटीओ डॉ सर्वेश गौतम ने बताया कि ओवरलोड ट्रकों के परमिट और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। साथ ही रॉन्ग साइड वाहन चलाने, गलत नंबर प्लेट लगाने और बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टरों के खिलाफ भी अभियान चलाया जाएगा। कहा कि अवैध खनन में लगे ट्रैक्टरों से सड़क दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं और राजस्व की चोरी भी हो रही है। ऐसे में अब इन वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन ने साफ किया है कि जनपद में यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment

error: Content is protected !!