
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर, मंगलवार। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। राजकीय जिला चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. एस. के. चतुर्वेदी ने लू (हीटवेव) से बचाव और अस्पताल में बढ़ रहे मरीजों की संख्या को देखते हुए महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है।
अधीक्षक के अनुसार, इन दिनों अस्पताल में श्वसन तंत्र संक्रमण (Upper Respiratory Tract Infection), पेट संबंधी संक्रमण (GI Infection) और त्वचा रोग के सर्वाधिक मामले सामने आ रहे हैं। बढ़ती गर्मी के कारण अस्पताल प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं।

उन्होंने बताया कि लू से प्रभावित मरीजों के लिए अस्पताल में ‘कूल रूम’ और ओआरएस (ORS) कॉर्नर की व्यवस्था की गई है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत और उपचार प्रदान किया जा सके। अस्पताल की ओपीडी सुबह 8 बजे से संचालित की जा रही है।
अस्पताल प्रशासन ने लू से बचाव के लिए आम जनता से अपील की है। लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। यदि बाहर जाना आवश्यक हो, तो सूती और पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने, टोपी, काला चश्मा और छाते का उपयोग करने को कहा गया है।
शरीर में पानी की कमी न होने देने के लिए नियमित रूप से पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहने की सलाह दी गई है। चक्कर, कमजोरी, तेज बुखार या अत्यधिक पसीना आने जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने को कहा गया है। अस्पताल प्रशासन ने लोगों से गर्मी को गंभीरता से लेने और सावधानी बरतते हुए अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।