[smartslider3 slider="2"]

रॉन्ग साइड से आई बाइक को बचाने में डिवाइडर पर चढ़ी एंबुलेंस, बड़ा हादसा टला

Connect With Social Media



पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय), चंदौली।
शहर के चंदासी कोयला मंडी क्षेत्र में शनिवार रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब ड्यूटी से लौट रही एक एंबुलेंस रॉन्ग साइड से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया और आगे का चक्का भी निकल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। दुर्घटना के कारणों को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि एंबुलेंस चालक नशे की हालत में हो सकता था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।


घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, एंबुलेंस चालक ने सामने से रॉन्ग साइड से आ रही बाइक को बचाने की कोशिश की, जिसके दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से जा टकराई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और चालक बाल-बाल बच गया।
इस मामले में एंबुलेंस चालक शाहबाज अहमद ने बताया कि वह दुलाईपुर क्षेत्र के निवासी हैं और एंबुलेंस चलाने का कार्य करते हैं। उनके अनुसार, वह ड्यूटी समाप्त कर वापस लौट रहे थे और सामान्य रूप से वाहन चला रहे थे।


घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चंदासी कोयला मंडी क्षेत्र की अव्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि यह इलाका लगातार भारी वाहनों, धूल, प्रदूषण और अव्यवस्थित ट्रैफिक के कारण आम नागरिकों के लिए जोखिम भरा बनता जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की कि कोयला मंडी की व्यवस्था सुधारी जाए, धूल फैलाने वाले वाहनों के संचालन पर नियंत्रण हो और रिहायशी क्षेत्र से इस व्यवस्था को हटाने पर भी विचार किया जाए।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी

Leave a Comment

error: Content is protected !!