
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय), चंदौली:
मुगलसराय क्षेत्र में बाइक चोरी की एक घटना सामने आई है, जहां एक युवक की मोटरसाइकिल दुकान के बाहर से चोरी हो गई। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई करते हुए वाहन बरामद करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, अमोधपुर निवासी संतोष कुमार पुत्र मोतीलाल जेपी मार्बल, नई बस्ती जीटी रोड, मुगलसराय में कार्यरत हैं। संतोष कुमार ने बताया कि 21 तारीख को वह रोज की तरह सुबह करीब 10 बजे काम पर पहुंचे और अपनी मोटरसाइकिल (पंजीकरण संख्या UP 67 L 0611 पैशन प्रो) दुकान के सामने खड़ी कर काम में लग गए। दिनभर वह बीच-बीच में बाहर आते रहे और बाइक वहीं मौजूद थी।
लेकिन रात करीब 8:30 बजे जब वह बाहर निकले तो बाइक वहां नहीं मिली। आसपास काफी खोजबीन और पूछताछ के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर उन्होंने तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। जांच के दौरान सामने आया कि रात करीब 8:20 बजे एक अज्ञात व्यक्ति बाइक लेकर जाता दिखाई दिया। घटना का वीडियो और फोटो क्लिप पीड़ित के पास सुरक्षित बताया जा रहा है।
पीड़ित संतोष कुमार के अनुसार, उन्होंने उसी रात चौकी चंदासी में शिकायत दी और अगले दिन कोतवाली में भी प्रार्थना पत्र सौंपा। इसके अलावा उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय, अपर पुलिस अधीक्षक और मुगलसराय कोतवाली को ईमेल के माध्यम से भी शिकायत भेजी है।
संतोष कुमार का कहना है कि उन्हें पुलिस की ओर से आश्वासन दिया गया है कि मामले में कार्रवाई की जा रही है और वाहन बरामद करने का प्रयास जारी है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से जल्द से जल्द बाइक बरामद कराने की मांग की है।
वहीं, मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
