
पीडीडीयू नगर के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र स्थित गल्ला मंडी सुपर मार्केट इलाके में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब स्थानीय लोगों ने एक नाले में नवजात शिशु का शव पड़ा देखा। मासूम का शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में शोक, आक्रोश व तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह लोगों की नजर नाले में पड़े नवजात पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कस्बा इंचार्ज विजय राज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से नवजात के शव को नाले से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना था कि आखिर कोई इतना निर्दयी कैसे हो सकता है, जो जन्म के बाद मासूम बच्चे को इस तरह नाले में फेंक दे। कई लोगों ने आशंका जताई कि लोकलाज और सामाजिक भय के कारण किसी ने नवजात को जन्म देने के बाद यहां फेंक दिया होगा।
घटना के बाद इलाके में मानवता को शर्मसार करने वाली इस घटना की चर्चा तेज हो गई। मासूम की हालत देखकर मौके पर मौजूद लोगों का दिल दहल उठा। लोगों का कहना था कि कलयुग की यह तस्वीर समाज को सोचने पर मजबूर कर रही है।
कस्बा इंचार्ज विजय राज ने बताया कि नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया। इसके अलावा आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।