
चहनियां। चहनियां स्थित विद्युत उपकेंद्र पर बुधवार को बिजली विभाग की ओर से बिजली बिल संशोधन एवं उपभोक्ता समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंचे और अपने बिजली बिल से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन दिए। खासतौर पर स्मार्ट मीटर लगने के बाद पुराने मीटर के आधार पर बिल आने तथा गलत बिलिंग की शिकायतें अधिक देखने को मिलीं।
शिविर के दौरान कुल 48 उपभोक्ताओं ने बिल संशोधन, भार वृद्धि तथा विधा परिवर्तन संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए। विभागीय अधिकारियों द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं बिजली बिल संशोधन के बाद लगभग 35 हजार रुपये का राजस्व भी जमा कराया गया।

शिविर में पहुंचे लोगों ने विभागीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कैंपों से उपभोक्ताओं को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और समस्याओं का शीघ्र समाधान हो जाता है।
इस अवसर पर जूनियर इंजीनियर सुभाष यादव ने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील करते हुए कहा कि विभाग उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की बिलिंग समस्या होने पर उपभोक्ता विभाग से संपर्क करें।
शिविर के दौरान उपखंड अधिकारी सियाराम यादव, जेई सुभाष यादव, बाबू बीरेन्द्र कुमार, टीजी सेकेंड दशरथ कुमार, मुकेश सिंह, रमेश विश्वकर्मा, संजय कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।