
चंदौली- मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा कूड़े खुर्द में देर रात कुछ अज्ञात लोगों द्वारा घर के बाहर खड़ी दो गाड़ियों में तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पीड़ित परिवार दहशत में है।

जानकारी के अनुसार, कूड़े खुर्द निवासी बनारसी यादव की गाड़ियां उनके घर के पास खड़ी थीं। आरोप है कि देर रात कुछ लोगों ने पहुंचकर गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए और वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह जब परिवार के सदस्यों की नजर टूटी हुई गाड़ियों पर पड़ी, तब उन्हें घटना का पता चला।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि इस घटना को लेकर क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। मामले की सूचना तत्काल मुगलसराय कोतवाली पुलिस को दी गई। पीड़ित बनारसी यादव ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है और कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में रेलवे चौकी प्रभारी शिव पूजन बिंद ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त कर ली गई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से संबंधित जानकारी जुटाने में लगी हुई है।