[smartslider3 slider="2"]

चंदौली में दर्दनाक अग्निकांड: मड़ई में लगी आग, ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत लाखों का सामान जलकर राख

Connect With Social Media


चंदौली। जनपद के धानापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कवई पहाड़पुर गांव में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक अग्निकांड की घटना सामने आई। गांव स्थित गैस गोदाम के पास बनी एक मड़ई में अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास रखा सामान इसकी चपेट में आ गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राम परीक्षा यादव भारत गैस एजेंसी के बगल में निवास करते हैं। वह खेती-किसानी और ट्रैक्टर से जुताई कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बुधवार दोपहर करीब 3 बजे उनकी मड़ई में अचानक आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि वहां खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली, गृहस्थी का सामान तथा पशुओं के लिए रखा करीब डेढ़ बीघा पुआल पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस हादसे में लगभग 5 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण बाल्टी और लोटा लेकर आग बुझाने में जुट गए। वहीं तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम और ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
इस अग्निकांड के बाद पीड़ित परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं उच्च अधिकारियों से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और राहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!