
अशोक कुमार जायसवाल
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। जीटी रोड चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान मंगलवार को शहर में भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। प्रशासन द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई के चलते मुख्य मार्गों पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
मलबा बना जाम की मुख्य वजह
बताया जा रहा है कि सड़क किनारे बने अवैध निर्माणों को तोड़ने का कार्य लगातार जारी है। एक ओर बुलडोजर से इमारतों और दुकानों के अवैध हिस्सों को ध्वस्त किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर सड़क पर पड़े मलबे को समय पर न हटाए जाने के कारण रास्ता संकरा हो गया है। सड़क की आधी चौड़ाई पर ईंट, मिट्टी और मलबा पड़ा होने से वाहनों को निकलने की जगह नहीं मिल पा रही।
गर्मी में फंसे रहे यात्री
भीषण गर्मी में जाम में फंसे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क पर बस, ट्रक, ई-रिक्शा और दोपहिया वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। स्कूली बच्चे, ऑफिस जाने वाले कर्मचारी और मरीजों को लेकर जा रही एम्बुलेंस भी कई देर तक जाम में फंसी रहीं। कई लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे और गर्मी से बेहाल नजर आए।

पुलिस जुटी जाम खुलवाने में
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और यातायात पुलिस जाम को खुलवाने में जुटी रही। प्रशासन की टीम लगातार हालात को नियंत्रित करने का प्रयास करती नजर आई। हालांकि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और मलबा हटाने का कार्य साथ-साथ न होने से लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण हटाना जरूरी है, लेकिन प्रशासन को पहले वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए थी। मलबे को तुरंत हटाने की व्यवस्था न होने से रोजाना आने-जाने वाले लोगों को दिक्कत हो रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मलबा हटाकर यातायात सामान्य कर दिया जाएगा। जीटी रोड चौड़ीकरण के बाद जाम की समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।
