[smartslider3 slider="2"]

चंदौली में देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत, पुरानी रंजिश में चला गोलीकांड

Connect With Social Media

अशोक कुमार जायसवाल

चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित खजूर गांव में देर रात हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद और पैसों के लेनदेन को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। दबंगों ने महेंद्र पासवान के घर को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग कर दी।
घटना के समय महेंद्र पासवान का पूरा परिवार घर की छत पर सो रहा था। अचानक गोलियों की आवाज सुनकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन पूरा परिवार बाल-बाल बच गया। फायरिंग के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया और ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।


ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पहले से विवाद की जानकारी पुलिस को दी गई थी। अगर समय रहते कार्रवाई होती तो इतनी बड़ी घटना नहीं होती। लोगों का कहना है कि आरोपियों का मनोबल बढ़ने के कारण ही खुलेआम फायरिंग जैसी वारदात हुई।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। क्षेत्राधिकारी (सीओ) ने बताया कि मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दो नामजद आरोपियों समेत कई अज्ञात लोगों को पुलिस ने रडार पर लिया है और गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!