1.09 करोड़ की लागत, 10 गांवों को मिलेगा सीधा लाभ

अशोक कुमार जायसवाल
मुगलसराय विधायक रमेश
जायसवाल ने नियामताबाद विकास खंड में एक पुल का शिलान्यास किया। यह पुल संतोष जायसवाल के खेत के पास बनाया जाएगा। इसकी अनुमानित लागत 1 करोड़ 9 लाख 60 हजार रुपये है। विधायक ने स्थानीय ग्रामीणों के हाथों शिलान्यास करवाया।
क्षेत्रीय जनता की यह मांग लंबे समय से लंबित थी। आजादी के बाद से इस क्षेत्र के ग्रामीण पुल की सुविधा से वंचित थे, जिससे उन्हें आवागमन के लिए काफी दूरी तय करनी पड़ती थी। इस पुल के निर्माण से लगभग 10 गांवों के लोगों को सुविधा मिलेगी और आवागमन सुगम हो जाएगा।
विधायक रमेश जायसवाल ने बताया कि विधायक बनने के बाद क्षेत्रीय लोगों ने कई बार लिखित रूप से पुल निर्माण की मांग की थी। उन्होंने जनता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया, फोटोग्राफी करवाई और प्रमुख सचिव व मुख्यमंत्री से मिलकर पुल निर्माण की स्वीकृति दिलाई।

उन्होंने बताया कि एक महीने के भीतर पुल को स्वीकृति मिलने के बाद निविदा प्रक्रिया पूरी की गई और अब इसका शिलान्यास किया गया है। विधायक ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार जिस कार्य का शिलान्यास करती है, उसका उद्घाटन भी करती है। यह पुल भी जल्द बनकर तैयार होगा और क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर इसका उद्घाटन किया जाएगा।
शिलान्यास कार्यक्रम में प्रधान सूरज सिंह, दक्षिणी मंडल अध्यक्ष गंगाराम साहनी, सोमारू बिंद, कुंदन कनौजिया, सत्यप्रकाश बिंद, शंकर राम, चिंटू सिंह, सोनू सिंह, विधायक प्रतिनिधि संजय कनौजिया सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।