
भारतीय रेल के डीडीयू मंडल द्वारा ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक जागरूकता साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने किया। इस दौरान रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी, रेलवे सुरक्षा बल के जवान, स्काउट्स एंड गाइड्स के सदस्य तथा बड़ी संख्या में रेलकर्मी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान डीआरएम उदय सिंह मीना ने कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव अपनाए, तो देश के बहुमूल्य प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सकता है।
उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक साइकिल चलाने, पैदल चलने तथा अनावश्यक ईंधन के उपयोग को कम करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी, बल्कि लोगों का स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा।
डीआरएम ने कहा कि रेलवे कॉलोनियों और आसपास रहने वाले कर्मचारी आसानी से साइकिल के माध्यम से अपने कार्यालय पहुंच सकते हैं। इससे प्रदूषण कम होगा और ऊर्जा की बचत भी सुनिश्चित होगी।
साइकिल रैली के माध्यम से रेलवे प्रशासन ने स्वच्छ, स्वस्थ और हरित वातावरण के निर्माण का संदेश देते हुए लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।