प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी दी गई

अशोक कुमार जायसवाल
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में गुरुवार को नगर पालिका कार्यालय परिसर में “प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” के तहत एक विशेष जागरूकता और पंजीकरण कैंप आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने घरेलू सोलर सिस्टम, सरकारी सब्सिडी और फाइनेंस सुविधा की जानकारी ली।
कैंप में मौजूद प्रतिनिधियों ने बताया कि यह केंद्र और राज्य सरकार की सब्सिडी आधारित योजना है। इसके तहत उपभोक्ता अपने घर की छत पर सोलर प्लांट लगाकर बिजली बिल में राहत पा सकते हैं। कैंप में “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर निःशुल्क पंजीकरण किया गया।

इस कैंप का संचालन हनुमत रिन्यूएबल्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया। कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि 2 किलोवाट क्षमता वाले ऑन-ग्रिड सोलर सिस्टम पर 90 हजार रुपये तक की सब्सिडी मिल रही है। उन्होंने यह भी बताया कि पहले उपभोक्ताओं को लगभग 35 हजार रुपये स्वयं जमा करने पड़ते थे, लेकिन अब कंपनी यह राशि भी वहन कर रही है, जिससे लोगों को कम लागत में सोलर सुविधा मिल सके।
प्रतिनिधियों के अनुसार, सोलर सिस्टम में सोलर पैनल, इनवर्टर, एसीडीबी/डीसीडीबी बॉक्स, वायरिंग, अर्थिंग और लाइटनिंग अरेस्टर जैसी सभी आवश्यक सामग्री शामिल है। इसका इंस्टॉलेशन भी कंपनी द्वारा किया जाएगा।

कैंप में 2 किलोवाट से 5 किलोवाट तक के प्लांट की जानकारी दी गई। बताया गया कि 3 किलोवाट प्लांट पर 1.08 लाख रुपये तक की सब्सिडी उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त, सभी सरकारी बैंकों के माध्यम से लगभग 5.75 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर फाइनेंस सुविधा भी प्रदान की जा रही है।

मुगलसराय शाखा के ब्रांच मैनेजर आशुतोष पांडेय ने लोगों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोलर ऊर्जा भविष्य की आवश्यकता है और इससे बिजली खर्च में काफी कमी लाई जा सकती है। कैंप के दौरान लोगों में योजना के प्रति उत्साह देखा गया और कई लोगों ने मौके पर ही पंजीकरण कराया।