
अशोक कुमार जायसवाल /सचिन पटेल
धानापुर (चंदौली)। धानापुर थाना क्षेत्र के नरौली गांव में बृहस्पतिवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। किशोर घर के पशुओं को चारा-पानी देने गया था, तभी वह पानी से भरी हौदी (नाद) में गिर गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान नरौली गांव निवासी पवन यादव (16 वर्ष) पुत्र कमलेश यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार पवन को मिर्गी की बीमारी थी। आशंका जताई जा रही है कि पशुओं को चारा देते समय अचानक उसे मिर्गी का दौरा पड़ा, जिससे वह संतुलन खो बैठा और पानी से भरी हौदी में जा गिरा।
बताया गया कि घटना के समय परिवार के सदस्य घर के आसपास ही मौजूद थे। काफी देर तक पवन के वापस न आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान वह हौदी में पड़ा मिला। परिजन आनन-फानन में उसे बाहर निकालकर उपचार के लिए ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही धानापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों की सहमति से शव अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
गांव में हुई इस घटना के बाद शोक का माहौल है।