
अशोक कुमार जायसवाल
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। अलीनगर क्षेत्र के ओम नगर (मुगलचक) स्थित मिडिल स्कूल परिसर एवं पशुपतिनाथ महादेव मंदिर से बुधवार की रात्रि लगभग 9 बजे भगवान वंशेश्वर महादेव जी की भव्य मूर्ति पूजन एवं नगर भ्रमण शोभायात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। धार्मिक वातावरण में निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं एवं युवा शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में “हर-हर महादेव” और भक्ति गीतों की गूंज से माहौल भक्तिमय बना रहा।

शोभायात्रा पशुपतिनाथ महादेव मंदिर, मुगलचक काली नगर पोखरे के पास से प्रारंभ हुई। यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए गांव स्थित काली माई मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद शोभायात्रा राम जानकी मंदिर पहुंची और पुनः मंदिर परिसर में वापस लौटी। आयोजकों ने बताया कि रात्रि में भगवान का विशेष अभिषेक एवं पूजन कार्यक्रम भी संपन्न कराया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार शुक्रवार को प्राण प्रतिष्ठा, पूजन एवं हवन का मुख्य धार्मिक अनुष्ठान योग्य विद्वान ब्राह्मण आचार्य श्याम सुन्दर पाण्डेय एवं आनंद शंकर पाण्डेय के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न होगा। इसके साथ ही 15 मई शुक्रवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

कार्यक्रम के संयोजक जंगबहादुर सोनी, बसंत जायसवाल, रामजी जायसवाल, मुरारी प्रजापति, रघुनाथ प्रजापति एवं समस्त नगरवासियों ने क्षेत्र के लोगों से कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सहयोग की अपील की है। आयोजकों ने कहा कि ओम नगर के सभी नागरिकों के विश्वास, सहयोग और सहभागिता से यह धार्मिक आयोजन भव्य रूप से संपन्न हो रहा है।




