
अशोक कुमार जायसवाल
बबुरी/ चंदौली। सीबीएसई बोर्ड द्वारा सत्र 2025-26 की कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम घोषित होते ही चंदौली जनपद के कासिमपुर स्थित जेएस पब्लिक स्कूल में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत सफलता हासिल कर स्कूल और जिले का नाम रोशन किया।

विद्यालय से इस वर्ष कुल 71 विद्यार्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया था और सभी छात्र सफल घोषित हुए। परीक्षा परिणाम में कई विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। विद्यालय की छात्रा कुमारी तनुराधा ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल किया। वहीं तेजश्वी सोनी ने 92 प्रतिशत तथा तेजश परमार ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। सफल छात्रों ने अपनी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन को सफलता का श्रेय दिया। अभिभावकों ने भी बच्चों की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं प्रबंधक रजनीश सिंह ने सभी सफल विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के समर्पण का ही परिणाम है कि विद्यालय ने शत-प्रतिशत सफलता प्राप्त की है। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके बेहतर भविष्य की शुभकामनाएं दीं।



