
डीडीयू नगर। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर अब ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाएगी। सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने यह नई व्यवस्था लागू की है, जिसके तहत प्रशिक्षित जवान जंक्शन परिसर, रेल यार्ड और अन्य संवेदनशील स्थलों पर हवाई निगरानी रखेंगे।
आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार रावत ने बताया कि समस्तीपुर रेल मंडल से विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद दो आरक्षियों की तैनाती डीडीयू जंक्शन पर की गई है। इनमें विवेकानंद मौर्य और दिनेश गुप्ता शामिल हैं, जो ड्रोन ऑपरेटर के रूप में सुरक्षा मोर्चा संभालेंगे।
उन्होंने बताया कि दोनों जवान अत्याधुनिक ड्रोन कैमरों के जरिए जंक्शन परिसर, रेल यार्ड और संवेदनशील स्थानों की लगातार

निगरानी करेंगे। ड्रोन से प्राप्त तस्वीरों और वीडियो फुटेज के आधार पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल आरपीएफ, जीआरपी और आरपी टीम को उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
आरपीएफ इंस्पेक्टर ने कहा कि बढ़ती सुरक्षा चुनौतियों और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था शुरू की गई है। इससे स्टेशन परिसर में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा सकेगी और सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक प्रभावी होगी।
डीडीयू जंक्शन पर ड्रोन कैमरे से निगरानी शुरू होने से यात्रियों और रेलवे प्रशासन को सुरक्षा के लिहाज से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
