
चकिया । इलिया थाना पुलिस ने मंगलवार की भोर में गोवंशीय पशुओं की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया तथा एक तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार तस्कर रात के अंधेरे में खेत और मेड़ के रास्ते पैदल पशुओं को बिहार ले जा रहे थे।
थानाध्यक्ष चन्दन कुमार राय को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग गोवंशीय पशुओं को वध के लिए बिहार की ओर ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम खखड़ा ग्राम स्थित सत्य स्थान आश्रम के पास मंगलवार सुबह करीब तीन बजे घेराबंदी की। पुलिस को देखकर कुछ तस्कर रात के अंधेरे का लाभ उठाते हुए मौके से फरार हो गए, जबकि एक आरोपी को पकड़ लिया गया। पुलिस ने मौके से 10 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया, जिनके मुंह रस्सियों से बंधे हुए थे। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शहाबगंज थाना क्षेत्र के भूसी गांव निवासी गुड्डू सोनकर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी गोवध और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष चन्दन कुमार राय, उपनिरीक्षक रवीन्द्र कुमार सिंह, साहबदीन यादव, रघुवंश लाल, अंदीप कुमार, अतुल सिंह सहित कई जवान शामिल रहे।