निषाद आरक्षण और 2027 चुनावी तैयारी पर वीआईपी पार्टी आक्रामक, भाजपा सरकार पर साधा निशानाचंदौली में राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश साहनी करेंगे अहम बैठक, संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति पर होगा मंथनपंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) ने निषाद आरक्षण और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज कर दी है। बुधवार को चंदौली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वीआईपी पार्टी के जिला अध्यक्ष शिवचरण बिंद ने भाजपा सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि निषाद समाज को उसका अधिकार दिलाने के लिए पार्टी गांव-गांव तक आंदोलन चलाएगी।उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि वीआईपी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Mukesh Sahani जल्द ही चंदौली पहुंचेंगे, जहां अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी होटल में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इस बैठक में पूर्वांचल के कई जिलों से पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करना और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना रहेगा।शिवचरण बिंद ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान करीब 200 लोगों ने वीआईपी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले लोग जमीनी स्तर के मजबूत कार्यकर्ता हैं, जिससे संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। उनका दावा था कि चंदौली से शुरू हुआ यह अभियान आने वाले समय में पूरे प्रदेश में बड़ा राजनीतिक संदेश देगा।निषाद आरक्षण के मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए शिवचरण बिंद ने कहा कि आजादी के 77 वर्षों बाद भी निषाद समाज अपने संवैधानिक अधिकारों से वंचित है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पश्चिम बंगाल और दिल्ली जैसे राज्यों में निषाद आरक्षण लागू हो सकता है, तो उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में इसे लागू क्यों नहीं किया जा रहा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निषाद आरक्षण वीआईपी पार्टी का सबसे बड़ा मुद्दा है और इसी मुद्दे को लेकर पार्टी जनता के बीच जाएगी।भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास” का नारा केवल दिखावा बनकर रह गया है। उनका आरोप था कि सरकार ने सवर्णों को 10 प्रतिशत आरक्षण दे दिया, लेकिन निषाद समाज के आरक्षण को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने महिला और पुरुष दोनों को समान भागीदारी और अधिकार देने की भी वकालत की।प्रदेश की कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए शिवचरण बिंद ने कहा कि सत्ता में बैठे रसूखदार लोग अपनी मनमानी चला रहे हैं, जिससे अपराध बढ़ रहे हैं। उन्होंने सरकार पर दोहरी नीति अपनाने और पिछड़े वर्गों की आवाज दबाने का आरोप लगाया।उन्होंने कहा कि वीआईपी पार्टी आगामी दिनों में गांव-गांव जाकर जनता को जागरूक करेगी और निषाद समाज के अधिकारों की लड़ाई को और तेज करेगी।