
चंदौली- मुगलसराय नगर पालिका क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। पालिका क्षेत्र के लाठ नंबर-2 पानी टंकी के पास कूड़े के ढेर में आग लगाए जाने की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराज़गी बढ़ गई है। आरोप है कि सफाईकर्मी कूड़े को निर्धारित कूड़ेदान या निस्तारण स्थल तक पहुंचाने के बजाय उसे वहीं जलाकर छुटकारा पाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे प्रदूषण और स्वास्थ्य संबंधी खतरे बढ़ रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कूड़े में आग लगाने से उठने वाला धुआं आसपास के घरों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। लोगों ने नगर पालिका से इस पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
मामले को पालिका के अधिशासी अधिकारी राजीव मोहन सक्सेना द्वारा संज्ञान ले लिया गया है,अधिशासी अधिकारी की सजगता को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि दोषी कर्मी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी साथ ही ऐसी गलती की पुनरावृत्ति नही होगी।