
अशोक कुमार जायसवाल
चन्दौली में पुलिस और बदमाश के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक हिस्ट्रीशीटर चोर को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से चोरी के दो ट्रैक्टर, एक ट्रॉली और अवैध हथियार बरामद किए हैं। यह घटना बलुआ थाना क्षेत्र के राधे की मड़ई, ग्राम सोनहुला के पास हुई।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भूपौली से मथेला की ओर दो संदिग्ध ट्रैक्टर आ रहे हैं, जिनमें से एक ट्रॉली सहित है और उनके चोरी के होने की आशंका है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और टॉर्च की रोशनी से वाहनों को रोकने का प्रयास किया। इस पर आगे चल रहे ट्रैक्टर के चालक ने पुलिस टीम पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक अभियुक्त के पैर में गोली लग गई।
घायल अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार कर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गाजीपुर जनपद के थाना रामपुर मझवां क्षेत्र के तरांव निवासी मृत्युंजय कुशवाहा (32 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से दो चोरी के ट्रैक्टर, एक ट्रॉली, एक .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
मृत्युंजय कुशवाहा एक शातिर हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके खिलाफ गाजीपुर, वाराणसी सहित विभिन्न जनपदों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के लगभग दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में बलुआ थाना पुलिस की टीम शामिल रही। पुलिस ने बताया कि फरार अभियुक्त की तलाश जारी है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
क्षेत्राधिकारी सकलडीहा का आधिकारिक बयान:
क्षेत्राधिकारी सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि थाना बलुआ क्षेत्रान्तर्गत पुलिस को चोरी के ट्रैक्टरों के आने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहनों को रोकने का प्रयास किया गया, जिस पर अभियुक्तों द्वारा पुलिस टीम पर जानलेवा हमला और फायरिंग की गई। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मौके से चोरी के वाहन एवं अवैध असलहा बरामद हुआ है। फरार अभियुक्त की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।