[smartslider3 slider="2"]

तिलक समारोह में प्रेमिका ने रोका विवाह

Connect With Social Media

दूल्हे पर लगाया यौन शोषण और धोखे से दूसरी शादी का आरोप

अशोक कुमार जायसवाल

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर देर रात्रि (मुगलसराय) में एक तिलक समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब एक युवती ने अचानक पहुंचकर कार्यक्रम रोक दिया। युवती ने दावा किया कि दूल्हा उसका प्रेमी है और उसे धोखा देकर दूसरी शादी कर रहा है।

यह घटना अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित NH-19 के पास एक होटल में हुई। समारोह सामान्य रूप से चल रहा था, तभी युवती वहां पहुंची और हंगामा शुरू हो गया।

युवती ने खुद को युवक अंकित सिंह की प्रेमिका बताया। उसने आरोप लगाया कि वे दोनों पिछले पांच साल से रिश्ते में थे और युवक ने उससे शादी का वादा किया था। अब परिवार के दबाव में वह दूसरी शादी कर रहा है।

मामले ने तब गंभीर मोड़ ले लिया जब युवती ने बताया कि उसने पहले ही युवक के खिलाफ यौन शोषण का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में आरोपी युवक जेल भी जा चुका है और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था, जिसके बाद उसके परिवार ने उसकी शादी तय कर दी।

हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह मामला पहले से ही कोर्ट में विचाराधीन है, इसलिए आगे की कार्रवाई अदालत के आदेश के अनुसार ही की जाएगी।

इस बीच, युवती ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि उसकी शिकायत को नजरअंदाज किया गया और उसे सुरक्षा देने के बजाय हाईवे पर छोड़ दिया गया। एक पुराना मामला भी सामने आया है, जिसमें युवती ने मऊ जिले में कुछ लोगों पर केस वापस लेने के लिए दबाव डालने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था।

फिलहाल, इस पूरे मामले की सच्चाई जांच और अदालत की प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

Leave a Comment

error: Content is protected !!