
चकिया । आदर्श जनता इंटर कॉलेज चतुरीपुर में यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कॉलेज के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में सोमवार को भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित कर उत्साहवर्धन किया गया।
इंटरमीडिएट परीक्षा में खुशी कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रोहित कुमार द्वितीय और कु. मनीषा तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं हाईस्कूल परीक्षा में विजय लक्ष्मी ने प्रथम, अंकिता ने द्वितीय और बलवंत ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजकीय इंटर कॉलेज मुसाखांड के प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश कुमार श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय का अतीत गौरवशाली रहा है और यहां की मिट्टी में प्रतिभाओं को निखारने की अद्भुत क्षमता है। उन्होंने विश्वास जताया कि सक्रिय प्रबंधन और समर्पित शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यालय भविष्य में और बेहतर परिणाम देगा।
विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रधान मोहम्मद हबीब और अपना दल के जोनल अध्यक्ष भगवान दास प्रजापति ने भी छात्र-छात्राओं को संबोधित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिम्मत बहादुर सिंह ने की।
विद्यालय के प्रबंधक संतोष कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय को प्रदेश स्तर तक पहचान दिलाने का संकल्प लिया गया है। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अंत में प्रधानाचार्य अजय कुमार भारती ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन संतोष कुमार द्वारा किया गया।