अतिक्रमणकारियों को 2 दिन का अल्टीमेटम

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है। रविवार को क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण कुमार सिंह और एसडीएम अनुपम मिश्रा के नेतृत्व में नगर पालिका तथा पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की एक संयुक्त टीम ने सड़कों का व्यापक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान, अधिकारियों ने सड़क और फुटपाथ पर हुए अतिक्रमण को तत्काल हटाने का निर्देश दिया। प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को दो दिन का अल्टीमेटम दिया है। चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय सीमा में अतिक्रमण न हटाने पर बुलडोजर चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों के अनुसार, सड़क निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन फुटपाथ और पटरी निर्माण में अतिक्रमण एक बड़ी बाधा बन रहा है। इसी कारण यह संयुक्त अभियान चलाया गया है। लाउडस्पीकर और घर-घर जाकर लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए जागरूक किया गया।
प्रशासन की इस सख्ती के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। कई दुकानदार और स्थानीय नागरिक स्वयं ही अपना अतिक्रमण हटाने लगे हैं। अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण मुक्त सड़कों से यातायात सुगम होगा और आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

इस अभियान में नगर पालिका के ईओ राजीव मोहन सक्सेना, पीडब्ल्यूडी अधिकारी, मुगलसराय प्रभारी विजय प्रताप सिंह सहित कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।