
चंदौली:
जनपद की चकिया थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन महिलाओं समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 15.80 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। यह गिरोह ज्वेलर्स को सस्ते सोने का लालच देकर ठगी करता था।
मामला 23 अप्रैल का है, जब चकिया क्षेत्र के बरहुवा गांव स्थित शशि ज्वेलर्स के संचालक शशि प्रकाश वर्मा को आरोपियों ने 100 ग्राम से अधिक सोना देने का झांसा दिया। खुद को ओडिशा की सोने की खदान में कार्यरत बताकर आरोपियों ने उनसे 16 लाख रुपये नकद ले लिए। बाद में जब ज्वेलर ने दी गई पोटली की जांच कराई, तो उसमें सोने की जगह नकली धातु के टुकड़े निकले, जिससे ठगी का खुलासा हुआ।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। रविवार को पुलिस लाइन में अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने बेलावर पहाड़ी के पास से गिरोह के सभी सात सदस्यों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मदारी का भेष बनाकर बाजारों में घूमते थे और लोगों को सस्ते दाम पर सोना देने का लालच देकर ठगी करते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओडिशा राज्य के बानीपुर क्षेत्र निवासी गोविंद प्रधान, विष्णु प्रधान, दुखबंधु पटरा, संतोषी प्रधान, कंचन प्रधान, बोथई प्रधान और संतोषी देवी के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में चकिया कोतवाल अर्जुन सिंह, आशीष मिश्रा, अनिल कुमार पांडेय और खुशबू यादव सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य राज्यों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।